रायबरेली में श्रीहनुमत प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन 14 से 19 मई तक
दि ग्राम टुडे/संवाददाता

रायबरेली। शिवजीपुरम स्थित संकठमोचन धाम, निकट त्रिपुल्ला चौराहा, महाराजगंज रोड पर आगामी 14 मई 2026 से 19 मई 2026 तक श्रीहनुमत प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ, तीन दिवसीय श्रीराम कथा, हवन, भंडारा तथा कवि सम्मेलन जैसे विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

आयोजन के तहत 14 मई (गुरुवार) को वैदिक विधि-विधान से श्री हनुमानजी महाराज की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न होगी। उसी दिन रात्रि 8 बजे से अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ का शुभारंभ होगा, जिसका समापन 15 मई (शुक्रवार) को होगा। इसके पश्चात 16 मई (शनिवार) से 18 मई तक प्रतिदिन सायं 5 बजे से श्रीराम कथा का रसपान श्रद्धालुओं को कराया जाएगा। कथा व्यास के रूप में आचार्य धीरज याज्ञिक जी महाराज अपनी मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को कथा का अमृत पान कराएंगे। कार्यक्रम का समापन 19 मई (मंगलवार) को हवन एवं विशाल भंडारे के साथ होगा।
आयोजन समिति की ओर से समस्त श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों से सपरिवार उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया गया है।
इस धार्मिक आयोजन के संयोजक डॉ. शिवनाथ सिंह “शिव” (संस्थापक, रायबरेली काव्य रस साहित्य मंच समूह) ने बताया कि यह महोत्सव क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक समृद्धि का संदेश देगा।



