
विश्व पर्यावरण दिवस 2026: पिपराइच में डिजिटल सखियों ने चलाया वृक्षारोपण अभियान, विधायक महेंद्र पाल सिंह ने की सराहना
पिपराइच, गोरखपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पिपराइच ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं डिजिटल सखियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्री महेंद्र पाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री महेंद्र पाल सिंह ने डिजिटल सखी परियोजना गोरखपुर की जॉइंट प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर गीता कौर से संवाद करते हुए डिजिटल सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बॉयफ लाइवलीहुड्स संस्था एवं एल एंड टी फाइनेंस के सहयोग से डिजिटल सखियां ग्रामीण महिलाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाकर आत्मनिर्भरता की नई पहचान दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि डिजिटल सखी परियोजना केवल महिलाओं को तकनीकी रूप से सक्षम नहीं बना रही है, बल्कि साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन सुरक्षा और वित्तीय साक्षरता के प्रति भी जागरूक कर रही है। विधायक ने परियोजना के कार्यों को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख जनार्दन जायसवाल, नगर परिषद अध्यक्ष संजय मद्धेशिया, प्रधान संघ अध्यक्ष संजय सिंह, बीडीओ श्यामलाल, एडीओ कृषि दशरथ भारती, एडीओ ग्रामीण विकास मोहम्मद अशरफ अली अंसारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने डिजिटल सखियों के साथ छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इससे पूर्व प्रातःकाल गोरखपुर के विंध्यवासिनी पार्क में पूर्व महापौर डॉ. सत्या पांडेय, डीडीयू विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. पूनम टंडन तथा अन्य गणमान्य नागरिकों के साथ डिजिटल सखियों ने वृक्षारोपण अभियान में सहभागिता कर हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण के समन्वित प्रयासों का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा।




