नारी शक्ति वंदन के साथ निपुण आकलन प्रमाण पत्र वितरण समारोह सम्पन्न

धामपुर। समीपवर्ती ग्राम अलादीनपुर भटपुरा के प्राथमिक विद्यालय में नोडल शिक्षण संकुल के निर्देशन में न्याय पंचायत ढक्का करमचंद स्तरीय नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम एवं निपुण आकलन प्रमाण पत्र वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान न्याय पंचायत स्तर पर 70 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति दर्ज कराने वाली बालिकाओं की महिला अभिभावकों को सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालयों में निपुण घोषित बच्चों को निपुण प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह की अध्यक्षता ग्राम प्रधान द्वारा की गई, जबकि एस.एम.सी. अध्यक्ष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में शिक्षक संकुल अनिल कुमार शर्मा, अभिषेक भारद्वाज, आशाराम सैनी सहित प्रमोद कुमार, शालिनी गहलोत, सुचित्रा शर्मा आदि ने अभिभावकों से अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराने की अपील की।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्राथमिक विद्यालय अलादीनपुर भटपुरा के प्रधानाध्यापक आफताब अली द्वारा किया गया।



