
सत्य एक ऐसा तत्व है जिसको हर समय साथ लेकर चलना मुश्किल होता है लेकिन साथ लेकर चलने वाला व्यक्ति एक महानता की ताकत को हासिल कर लेता है। सत्य एक ताकतवर औषधि की तरह होता है। काफी समय तक आपको प्रकाशवान पुरुष बनाये रखती है। सत्य के बिना जीवन को प्रकाशवान नहीं किया जा सकता है।
सत्य एक लम्बी अवधि का होता है। ठोकरें तथा थपेड़े जरूर सहता है लेकिन परिपक्व समय के साथ परिपक्व हो जाता है। सत्य अगर बोलने वाला व्यक्ति है तो वह दबाव के बावजूद भी सत्य बोलेगा। स्वतंत्र रूप से सत्य को अपनाने वाला एक अडिग प्राणी होता है। निर्भीक होता है। कोई डरावनी ताकत उसको अपने पथ से विचलित नही कर सकती है। अनवरत वह सत्य पथ पर चलता है और चलता रहेगा।
अगर आप भयभीत हैं तो सत्य को बीच में छोड़ देंगे। भय से व्यक्ति सत्य का परित्याग कर देता है। उसके अंदर भय का मंजर आ जाता है। यह भय उसके अंदर की शक्ति को हिलाकर रख देती है। अंदर से झकझोरा व्यक्ति सत्य की राह से विचलित हो जाता है और वह कुमार्ग का रास्ता अपना लेता है। उसकी दिशा अंधेरे की तरफ हो जाती है जहाँ घोर संकट नजर आने लगता है।
सत्य को प्राप्त करने के लिए एक तपस्या की जरूरत होती है। एक तपस्वी का गुण होना चाहिए। न विचलित होने वाला भाव का होना नितांत आवश्यक है। धैर्य का गुण भी होना जरूरी है। एक दिन से सत्य बोलने की ताकत नही मिल सकती है। प्रतिदिन जीवन में उतारना पड़ेगा और इस सत्य की धारा में खुद उतर कर डुबकी लगाकर सत्य को प्राप्त किया जा सकता है।
सत्य को पराजित तथा परेशान करने वाली तमाम शक्तियां विचरण कर रही हैं। असत्य के सामने सत्य डर सकता है क्योंकि असत्य हथियारों से सुसज्जित रहता है। कमजोर सत्य मैदान छोड़कर कर भाग जायेगा लेकिन असली सत्य बिना जान की परवाह किये मैदान में डटा रहेगा। वीर योद्धा सत्य का दामन मरणोपरांत भी हृदय में संभालकर रखता है।
——–
जयचन्द प्रजापति ‘जय’
प्रयागराज




