विकासखंड सभागार में विधायक ने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाई

मीरजापुर(राजगढ़)।विकासखंड राजगढ़ के सभागार में मंगलवार को माननीय प्रधानमंत्री श्रीमान नरेंद्र मोदी जी के “12 वर्ष विश्वास के, विकास के,और जन कल्याण के जनकल्याण शिविर का आयोजन किया। जिसके मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने संबोधित करते हुए केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल “संकल्प से सिद्धि तक,सेवा से सुशासन तक और समृद्धि से खुशहाली तक” की यात्रा का प्रतीक रहा है। प्रधानमंत्री ने देश को विकास,सुशासन और आत्मनिर्भरता की नई दिशा प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को देश की जनता की सेवा करने का सबसे लंबे समय तक अवसर प्राप्त हुआ है और उनके नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बनाई है। आज भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है।
विधायक जी ने कहा कि केंद्र सरकार की गरीब कल्याणकारी नीतियों एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। वैश्विक चुनौतियों एवं युद्ध जैसी परिस्थितियों के बावजूद भारत की विकास गति निरंतर आगे बढ़ी है और देश ने आर्थिक, औद्योगिक तथा सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश में आधुनिक बुनियादी ढांचे का अभूतपूर्व विकास हुआ है।आज देशभर में विश्वस्तरीय एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय राजमार्ग,रेलवे परियोजनाएं एवं भव्य एयरपोर्टों का निर्माण किया गया है,जिससे विकास को नई गति मिली है तथा रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। इसके पश्चात माननीय विधायक जी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन के कार्यक्रम में छोटे बच्चों को माननीय विधायक जी ने अन्नप्राशन कराया। इसके पश्चात कृषि विभाग के अंतर्गत यूपी एग्रीज के तहत किसानों को माननीय विधायक जी ने धान,अरहर,बाजरा का नि:शुल्क बीज वितरित किया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी विरेंद्र वर्मा, खंड विकास अधिकारी संजय यादव,सहायक विकास अधिकारी कृषि संतोष कुशवाहा, अशोक मौर्य,भाजपा मंडल महामंत्री सुजीत केसरी, सहेंद्र मौर्य, अखिलेश्वर सिंह कप्तान, नंदलाल सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।



