साहित्य

पुस्तक समीक्षा:बच्चों के लिए प्रेरित कहानियां

लेखिका: अनुप्रिया राय ‘मधु’ समीक्षक: डॉ. शिवेश्वर दत्त पाण्डेय

बाल साहित्य वह सशक्त माध्यम है, जो न केवल मनोरंजन करता है, बल्कि बालमन के निर्माण, संस्कार और दिशा-निर्देशन का कार्य भी करता है। इसी दृष्टि से लेखिका अनुप्रिया राय ‘मधु’ की पुस्तक “बच्चों के लिए प्रेरित कहानियां” एक अत्यंत महत्वपूर्ण और मूल्यपरक कृति के रूप में सामने आती है। यह पुस्तक बालकों को जीवन के आदर्शों, संघर्षों और सफलताओं से परिचित कराते हुए उन्हें सकारात्मक जीवन-दृष्टि प्रदान करती है।
इस कृति की विशेषता यह है कि इसमें विविध क्षेत्रों की महान विभूतियों के जीवन-संस्मरणों को सरल, सरस और प्रेरणादायी शैली में प्रस्तुत किया गया है। एक जिद्दी लड़का के माध्यम से ईश्वर चन्द्र विद्यासागर के संघर्ष और दृढ़ निश्चय को उकेरा गया है, जो बालकों को यह संदेश देता है कि कठिन परिस्थितियाँ भी इच्छाशक्ति के सामने टिक नहीं पातीं। इसी प्रकार मेघनाथ साहा के वैज्ञानिक योगदान, श्रीनिवास रामानुजन की अद्वितीय गणितीय प्रतिभा तथा मैरी क्यूरी की वैज्ञानिक साधना बच्चों के मन में ज्ञान और अनुसंधान के प्रति रुचि उत्पन्न करती है।
पुस्तक केवल विज्ञान या ज्ञान के क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवीय संवेदनाओं और अदम्य साहस की भी प्रेरक गाथाएँ प्रस्तुत करती है। हेलेन केलर का जीवन संघर्ष, आत्मबल और संकल्प का अद्वितीय उदाहरण है, जो यह सिखाता है कि शारीरिक सीमाएँ भी मनुष्य की उड़ान को रोक नहीं सकतीं। वहीं अद्वैत मल्लवर्मन की कथा साहित्य के प्रति समर्पण और कठिनाइयों से जूझते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
इस पुस्तक में साहित्यिक और सांस्कृतिक व्यक्तित्वों का भी सुंदर समावेश है। सरोजिनी नायडू, रसखान, नागार्जुन तथा निर्मला पुतुल जैसे साहित्यकारों के जीवन प्रसंग बच्चों को भाषा, संस्कृति और साहित्य के प्रति अनुराग उत्पन्न करते हैं। इसके अतिरिक्त अन्य प्रेरक व्यक्तित्वों—जैसे तैराक मसूदुर रहमान वैद्य, अनिंद्य भट्टाचार्य और वैज्ञानिक नारायण चंद्र राणा—की कहानियाँ इस पुस्तक को बहुआयामी बनाती हैं।
लेखिका की भाषा अत्यंत सहज, सरल और बालोपयोगी है। कहीं भी जटिलता या बोझिलता का अनुभव नहीं होता, जिससे बालक इन कथाओं को सहजता से पढ़ और समझ सकते हैं। कथाओं की संरचना ऐसी है कि वे रोचक होने के साथ-साथ शिक्षाप्रद भी हैं। प्रत्येक कहानी के अंत में निहित संदेश बालकों को जीवन के मूल्यों—परिश्रम, धैर्य, आत्मविश्वास, अनुशासन और मानवता—की ओर प्रेरित करता है।
प्रकाशन की दृष्टि से भी यह पुस्तक सराहनीय है। वसुधानंद बुक एण्ड पब्लिकेशन, कोलकाता द्वारा प्रकाशित यह कृति विषयवस्तु, चयन और प्रस्तुति के स्तर पर संतुलित एवं प्रभावशाली है। यह न केवल बच्चों के लिए उपयोगी है, बल्कि अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालयों के लिए भी एक उत्कृष्ट संदर्भ ग्रंथ के रूप में उपयोगी सिद्ध हो सकती है।
समग्रतः, “बच्चों के लिए प्रेरित कहानियां” एक ऐसी प्रेरणादायी कृति है, जो बालमन में सपनों को आकार देने के साथ उन्हें साकार करने का साहस भी प्रदान करती है। यह पुस्तक केवल कहानियों का संग्रह नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों का एक सजीव पाठ है। आने वाली पीढ़ी के लिए यह एक उज्ज्वल मार्गदर्शक बनकर उनके व्यक्तित्व को सशक्त, संवेदनशील और उद्देश्यपूर्ण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!