
डेस्क रिपोर्ट, 24 जुलाई। मगध समाज कल्याण प्रतिष्ठान के संस्थापक एवं प्रख्यात समाजसेवी स्व. अशोक कुमार सिंह की 22वीं पुण्यतिथि शुक्रवार को बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, झारखंड और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों में श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर वृक्षारोपण, गौ सेवा, योगाभ्यास, हनुमान चालीसा वितरण, श्रद्धांजलि सभाओं तथा सामाजिक संकल्प कार्यक्रमों का आयोजन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मुख्य कार्यक्रम नालंदा जिले के सारीचक मोड़ के समीप आयोजित हुआ, जहां सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं उनके सहयोगियों ने स्व. अशोक कुमार सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा। इसके बाद वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा समाज सेवा के उनके अधूरे सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्व. अशोक कुमार सिंह ने अपना संपूर्ण जीवन समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया। उन्होंने समाज सेवा को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया और अनेक सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से संगठन निर्माण, शिक्षा, जागरूकता तथा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया। उनके विचार आज भी सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।
नालंदा में आयोजित कार्यक्रम में राजेश कुमार एवं गोपाल कुमार सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। वहीं बड़गांव सूर्य मंदिर परिसर के समीप श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा का वितरण कर उनकी स्मृति को नमन किया।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद के पिपराइच में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण, गौ सेवा और हनुमान चालीसा वितरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्व. अशोक कुमार सिंह का जीवन समाज सेवा, ईमानदारी और संगठन निर्माण का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस अवसर पर गीता कौर, अंजनी ,मीना, नादरा सहित अन्य मौजूद रहे,इसी क्रम में मऊ में भी श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उनके सामाजिक योगदान को याद किया गया।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के छतरपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रिया रंजन कुमार, मनोज कुमार, विपिन निराला एवं संजय कुमार सहित अन्य सहयोगियों ने चित्र पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
रांची स्थित चतुर्दिक विकास समिति कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने उनके संगठन निर्माण एवं सामाजिक नेतृत्व की चर्चा की। वहीं जयपुर में सतीश शांडिल्य के नेतृत्व में स्कूली बच्चों के साथ योगाभ्यास कराया गया और स्वस्थ समाज के निर्माण में स्व. अशोक कुमार सिंह के विचारों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर उनके सुपुत्र कुमुद रंजन सिंह ने कहा कि स्व. अशोक कुमार सिंह जीवनपर्यंत समाज सेवा एवं सामाजिक परिवर्तन के लिए समर्पित रहे। उन्होंने समूह गठन, सिलाई प्रशिक्षण केंद्र, बाल श्रमिक विद्यालय, बाल श्रम उन्मूलन अभियान, ‘बचपन बचाओ आंदोलन’ तथा राष्ट्रीय युवा योजना सहित अनेक सामाजिक पहलों में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि उनके पिता का जीवन सेवा, संघर्ष और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक था तथा उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के अंत में सभी स्थानों पर उपस्थित लोगों ने समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और मानव कल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया तथा स्व. अशोक कुमार सिंह के अधूरे सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प दोहराया।




