आईआईटी रुड़की में हुआ डॉ. शिवेश्वर दत्त पाण्डेय के ‘1001 फायकू’ विशेषांक का लोकार्पण

रुड़की। प्रख्यात साहित्यकार एवं दि ग्राम टुडे प्रकाशन समूह के समूह सम्पादक डॉ. शिवेश्वर दत्त पाण्डेय के 1001 फायकू पर आधारित ओपन डोर साप्ताहिक के विशेषांक का भव्य लोकार्पण आईआईटी रुड़की परिसर में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम साहित्यिक गरिमा, सृजनशीलता और आत्मीयता से परिपूर्ण रहा।
इस अवसर पर ख्यातिलब्ध साहित्यकार एवं आईआईटी रुड़की के सब रजिस्ट्रार महावीर सिंह वीर, वरिष्ठ साहित्यकार एवं सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी प्रदीप मिश्र ‘अजनबी’ तथा वरिष्ठ साहित्यकारा एवं सुप्रसिद्ध संचालिका सीमा शर्मा ‘मंजरी’ ने संयुक्त रूप से विशेषांक का लोकार्पण किया।
वक्ताओं ने डॉ. शिवेश्वर दत्त पाण्डेय की साहित्य साधना, रचनात्मक प्रतिबद्धता तथा फायकू विधा में उनके अभिनव योगदान की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि 1001 फायकू केवल एक साहित्यिक उपलब्धि नहीं, बल्कि हिन्दी साहित्य में सृजनात्मक प्रयोगधर्मिता का सशक्त उदाहरण है। इस अवसर पर डाॅ.शिवेश्वर दत्त पाण्डेय ने महावीर सिंह वीर,प्रदीप मिश्र अजनबी और सीमा शर्मा मंजरी को दि ग्राम टुडे साहित्य सेवी सम्मान भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान साहित्य सेवा से जुड़े विविध विषयों पर सारगर्भित चर्चा हुई तथा उपस्थित साहित्यप्रेमियों ने विशेषांक को हिन्दी साहित्य जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। समारोह में आत्मीय संवाद, सम्मान और साहित्यिक सौहार्द का वातावरण बना रहा।




